उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

मानदेय और ईपीएफ भुगतान को लेकर विधायक से मिले मनरेगा कर्मी, जल्द समाधान की मांग

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई जिले के हरपालपुर विकास खण्ड में कार्यरत मनरेगा कर्मियों ने लंबे समय से लंबित मानदेय और ईपीएफ भुगतान की समस्या को लेकर स्थानीय विधायक से मुलाकात की। कर्मियों ने जल्द से जल्द भुगतान उनके खातों में भेजे जाने की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।

मनरेगा कर्मचारियों ने माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू, विधायक सवायजपुर, को दिए गए पत्र में बताया कि हरपालपुर विकास खण्ड में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कई पदों पर कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें एपीओ, कंप्यूटर ऑपरेटर, टीए और ग्राम रोजगार सेवक जैसे पद शामिल हैं, जो वर्षों से योजना के संचालन में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

कर्मियों का कहना है कि शासन द्वारा वर्ष 2019 से मनरेगा कर्मचारियों को ईपीएफ (कर्मचारी भविष्य निधि) का लाभ देने के निर्देश जारी किए गए थे। इसके बावजूद अब तक कई कर्मचारियों के खाते में ईपीएफ की धनराशि नहीं पहुंच सकी है। उनका आरोप है कि जनपद स्तर पर ईपीएफ की राशि अकारण रोके जाने के कारण उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।

मनरेगा कर्मियों ने बताया कि इस अवधि के दौरान कई कर्मचारियों का आकस्मिक निधन भी हो चुका है। ऐसे मामलों में उनके परिवारों को भी ईपीएफ का लाभ नहीं मिल सका, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मियों ने विधायक से अनुरोध किया कि इस गंभीर समस्या का जल्द समाधान कराया जाए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू ने संबंधित अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया है। साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मनरेगा कर्मियों के खातों में ईपीएफ की लंबित धनराशि जल्द भिजवाने के निर्देश देने की मांग की है।

विधायक से मिलने पहुंचे कर्मियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से लेकर जल्द समाधान करेगा, ताकि लंबे समय से लंबित मानदेय और ईपीएफ का भुगतान कर्मचारियों को मिल सके।

इस दौरान विधायक से मिलने वालों में अनिल द्विवेदी, आशीष मिश्र, अजीत सिंह, अजीत कुमार, मनोज कुमार सहित कई मनरेगा कर्मी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने कहा कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे आगे भी अपनी आवाज उठाने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button