कलेक्ट्रेट में एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार की समीक्षा बैठक, वसूली बढ़ाने के निर्देश

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनपद के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में कर, करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में औषधि निरीक्षक के अनुपस्थित रहने पर उनके विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें अगली बैठक में अब तक की गई कार्रवाई की कार्यवृत्ति के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया।
समीक्षा के दौरान एडीएम ने आबकारी, बाट-माप, मंडी समिति, जिला पूर्ति, गन्ना भुगतान, स्टाम्प, व्यापार कर, खनन तथा नगर पालिका और नगर पंचायतों द्वारा की जा रही वसूली की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने राजस्व अधिकारियों से कहा कि अगली बैठक में 25-25 बकायेदारों की सूची के साथ उपस्थित हों। जिन बकायेदारों के विरुद्ध आरसी जारी हो चुकी है और जिनका विवरण अभी तक पोर्टल पर अपलोड नहीं हुआ है, उसे शीघ्र अपलोड कराया जाए, ताकि वसूली की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। बैठक में सहायक महानिरीक्षक स्टाम्प को निर्देशित किया गया कि सभी उपनिबंधकों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि स्टाम्प चोरी और फर्जी रजिस्ट्री की घटनाएं न हों। यदि किसी क्रेता या विक्रेता के संबंध में संदेह हो तो आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की जाए। बैठक में सहायक महानिरीक्षक स्टाम्प आलोक शुक्ला, जिला आबकारी अधिकारी अतुल द्विवेदी, डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह, एआरटीओ मनोज सिंह, प्रभारी मंडी सचिव दीपक कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






