हरदोई में ‘ईमानदार सर्राफ’ निकला लूट के गहनों का खरीदार

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई पुलिस ने आखिरकार उस ‘ईमानदार सर्राफ’ का असली चेहरा बेनकाब कर दिया,जिसकी दुकान पर सोना-चांदी नहीं बल्कि चोरी और लूट के गहनों का कारोबार चमकता था। शाहाबाद थाना क्षेत्र की मलकापुर लूटकांड से जुड़े 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मुकीम को स्वाट,एसओजी और सर्विलांस टीम ने गिरफ्तार कर लिया।बरेली के पशुपति नाथ मंदिर क्षेत्र का रहने वाला यह आरोपी पुलिस की नजर में काफी समय से था।गिरफ्तारी के समय उसके पास से 5 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
दरअसल 10 फरवरी 2026 को मलकापुर गांव में अनीस खां के घर 4–5 बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर करीब 30 हजार रुपये नकद और आभूषण लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाई गईं। जांच की परतें खुलीं तो पता चला कि लूटे गए गहनों का असली ‘खरीदार’ कोई आम शख्स नहीं बल्कि बरेली का सर्राफ मुकीम है, जो चोरी के आभूषण खरीदकर उनका हुलिया बदल देता था और फिर बाजार में खपा देता था।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुकीम लंबे समय से इस धंधे में लगा था और चोरी के गहनों को सोने की तरह चमकाकर बेचने में माहिर था।शाहाबाद की इस वारदात में भी उसने लूट के आभूषण खरीदकर उन्हें गलवाकर बेच दिया और उससे मिली रकम अपने पास रख ली।पुलिस ने उस रकम में से कुछ धन बरामद किया है।
गौरतलब है कि इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है,जबकि मुकीम की गिरफ्तारी पर लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।आरोपी का आपराधिक इतिहास भी कम लंबा नहीं है मुजफ्फरनगर और बरेली समेत कई जिलों में उसके खिलाफ चोरी और अन्य अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं।फिलहाल पुलिस ने इस ‘सोने के सौदागर’ को सलाखों के पीछे भेजने की तैयारी कर ली है।






