हरदोई की बेटी चेतना शुक्ला वेब सीरीज ‘चिरैया’ में आएंगी नजर, आज जियो स्टार पर हुई रिलीज

जन एक्सप्रेस/हरदोई: जनपद की प्रतिभाशाली बेटी चेतना शुक्ला ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करा दी है। वैवाहिक उत्पीड़न और महिला सशक्तिकरण जैसे गंभीर विषय पर आधारित बहुचर्चित वेब सीरीज ‘चिरैया’ आज 20 मार्च 2026 को ईद के अवसर पर जियो स्टार (Jio Star) पर रिलीज हो गई है।
‘चिरैया’ एक ऐसी कहानी है जो समाज के उस कड़वे सच को सामने लाती है, जिसे अक्सर मर्यादा के नाम पर दबा दिया जाता है। सीरीज में शादी के बाद महिलाओं के साथ होने वाले शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न को संवेदनशील ढंग से दिखाया गया है। चेतना शुक्ला इसमें पीड़िता की मौसी के प्रभावशाली किरदार में नजर आ रही हैं, जो न्याय और संघर्ष की प्रतीक के रूप में उभरती हैं।
इस वेब सीरीज का निर्देशन बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक शशांत शाह ने किया है। सीरीज में चेतना को दिव्या दत्ता, संजय मिश्रा, देविका सिंह और संदीप शर्मा जैसे अनुभवी कलाकारों के साथ काम करने का अवसर मिला है। इसके अलावा टीम में सिद्धार्थ, श्रीकांत, अभय और महेंद्र सोनी भी शामिल हैं।
चेतना शुक्ला की इस उपलब्धि से हरदोई में खुशी की लहर है। जैसे ही उनकी वेब सीरीज रिलीज हुई, उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयां देना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि चेतना ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। इसे हरदोई के लिए गर्व का क्षण बताया जा रहा है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा रही है।






