हरदोई में अनोखी पहल: 11वीं की छात्रा अदिति सिंह बनी एक दिन की जिलाधिकारी

जन एक्सप्रेस/हरदोई: मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद हरदोई में एक प्रेरणादायक पहल के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 11वीं की छात्रा अदिति सिंह को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान डीएम अनुनय झा ने अदिति सिंह को प्रशासनिक कार्यों की बारीकियों से अवगत कराया।डीएम ने अदिति सिंह को विभिन्न विभागों एवं पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया समझाई, साथ ही भारत एवं प्रदेश सरकार की लाभप्रद योजनाओं की जानकारी भी दी। इस अवसर पर उन्होंने छात्रा को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जनसुनवाई के दौरान कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान भी कराया।इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






