Crimeutrakhandउत्तरकाशी

नैनीताल हाईवे पर दो कारों की भिड़ंत, पलटी टैक्सी; तीन यात्री घायल, हादसे के बाद जमकर मारपीट

ज्योलिकोट के आमपड़ाव में पोलो और ऑल्टो टैक्सी की टक्कर के बाद सड़क पर हंगामा, प्रधान से भी अभद्रता और मारपीट का आरोप।

जन एक्सप्रेस /नैनीताल :-  नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्योलिकोट से आगे आमपड़ाव के पास दो कारों की भिड़ंत के बाद जमकर हंगामा हुआ। हादसे में ऑल्टो टैक्सी पलट गई, जिसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जिससे हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, नैनीताल की ओर से जा रही फॉक्सवैगन पोलो और हल्द्वानी की ओर से नैनीताल आ रही ऑल्टो टैक्सी की आमपड़ाव के पास टक्कर हो गई। टैक्सी यूनियन से जुड़े गिरीश भट्ट के अनुसार, पोलो कार कथित रूप से रॉन्ग साइड से आई और टैक्सी को टक्कर मारते हुए पहाड़ी की तरफ धकेल दिया। टक्कर के बाद टैक्सी पलट गई और उसमें सवार तीन लोग अंदर फंसकर घायल हो गए।

आरोप है कि हादसे के बाद पोलो कार में सवार लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान ज्योलिकोट के ग्राम प्रधान नवल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क खाली कराने को कहा तो उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट किए जाने का आरोप है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पोलो कार में सवार चार लोगों को पकड़ लिया। इसी बीच स्कॉर्पियो से उनके कुछ अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी पकड़ लिया।

घायल रोशन, अमित और हिमांशु को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार के अनुसार, तीन घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं पुलिस आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल लेकर पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button