
जन एक्सप्रेस /कांसुवा ,चमोली :- श्री राज राजेश्वरी क्रिकेट क्लब कांसुवा की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के राज्यमंत्री एवं जलागम परिषद के सदस्य रमेश सिंह गड़िया ने बतौर मुख्य अतिथि किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री रमेश सिंह गड़िया ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ी आज राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आपसी सहयोग और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही क्षेत्र के विकास में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि पहाड़ की महिलाएं ग्रामीण समाज की रीढ़ हैं। मां नंदा देवी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चमोली जनपद की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान श्री नंदा देवी राजजात यात्रा से जुड़ी है। उन्होंने आगामी राजजात यात्रा के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नगर पालिका कर्णप्रयाग के पार्षद मनोज पुंडीर ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में खेल गतिविधियों में भाग लेने की अपील की। अति विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष गौचर शैलेंद्र बद्री नेगी ने महिला मंगल दल कांसुवा के योगदान की सराहना की। ब्लॉक प्रमुख गैरसैंण हरेन्द्र सिंह नेगी ने भी आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
ग्राम प्रधान कांसुवा मुन्ना लाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आगामी वर्ष प्रस्तावित श्री नंदा देवी राजजात यात्रा में क्षेत्रवासियों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण होगी। राजकीय इंटर कॉलेज कांसुवा की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान प्रधानाचार्य लक्ष्मण सिंह कुंवर को सम्मानित भी किया गया। महिला मंगल दल अध्यक्ष पल्लवी रावत ने अतिथियों का स्वागत किया तथा गांव में स्वच्छता अभियान भी चलाया।
श्री नंदा देवी राजजात मंदिर समिति के अध्यक्ष जय विक्रम सिंह कुंवर ने कहा कि क्षेत्र में समय-समय पर खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन से विकास को गति मिलती है। ग्राम प्रधान नगली नवीन बहुगुणा ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए ग्रामीणों से एकजुट होकर आगे आने की अपील की।
उद्घाटन समारोह के बाद प्रतियोगिता का पहला मुकाबला पिंडवाली एकादश और पाडली एकादश के बीच खेला गया। जिसमें कि पिंडवाली की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 65 रनों से पाडली टीम एकादश को हराया।।
इस अवसर पर भाजपा नेता संजय कंडवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कलम कोहली, क्षेत्र पंचायत सदस्य कांसुवा भूपेंद्र कुंवर, महिला मंगल दल उपाध्यक्ष दर्शनी देवी, ग्राम सभा अध्यक्ष मनवर सिंह कुंवर, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह कुंवर, पूर्व एडीओ पंचायत जाथई लाल, सूबेदार हयात सिंह रावत, सूबेदार गुमान सिंह कुंवर, भाजपा नेता विजय चमोला, पूर्व ग्राम प्रधान आली मज्याड़ी आनंद कनवासी, प्रताप सिंह कुंवर, प्रधानाचार्य मुकेश सिंह कुंवर, प्रवक्ता नरेंद्र सिंह रावत, श्री नंदा देवी राजजात के सलाहकार रघुनाथ सिंह कुंवर, संयोजक जयकृत सिंह कुंवर और समाजसेवी मनवर सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र रावत ने किया। क्लब अध्यक्ष विजय सिंह रावत एवं उपाध्यक्ष योगेश कुंवर ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में क्लब सचिव वीरेंद्र रावत, पंकज कुंवर, संजय सिंह रावत, सुमित चौहान, अमित चौहान, मनोज कोहली, सागर और साहिल सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।








