
पुरोला संवाददाता – सचिन नोटियाल
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- सिद्धपीठ कमलेश्वर महादेव मंदिर पुरोला के पावन धाम में वर्षों तक भगवान भोलेनाथ की सेवा, आराधना और तपस्या में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले पूज्य संत नाथ जी का शुक्रवार को देह त्यागने से आध्यात्मिक जगत में शोक की लहर है। उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
बाल्यकाल से ही भगवान शिव के प्रति अगाध श्रद्धा और भक्ति रखने वाले संत ने एक छोटी सी कुटिया में रहकर वर्षों तक कठोर साधना और तपस्या की। सादगीपूर्ण जीवन जीते हुए उन्होंने मंदिर में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की आत्मीयता और सेवाभाव से सेवा की। उनका सरल, सहज और परोपकारी व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहा।
संत महात्मा नाथ जी ने अपने जीवन के माध्यम से यह संदेश दिया कि सच्ची साधना केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव सेवा, परोपकार और दूसरों के प्रति आत्मीय भाव रखने में भी निहित है। उनका पूरा जीवन त्याग, तपस्या, भक्ति और सेवा का प्रतीक रहा। आज भले ही उनका भौतिक शरीर हमारे बीच नहीं है, लेकिन भगवान भोलेनाथ के प्रति उनकी अटूट आस्था, वर्षों की तपस्या और श्रद्धालुओं के प्रति उनका सेवाभाव सदैव स्मरणीय रहेगा। कमलेश्वर महादेव धाम में उनकी साधना और योगदान को श्रद्धालु लंबे समय तक याद रखेंगे।






