बागे नदी का सीना छलनी, ओरा के डीघरी घाट पर NGT के नियमों को ठेंगा दिखाकर धड़ल्ले से अवैध बालू खनन?
नदी की बीच धारा में पोकलैंड मशीनों से हो रहा खनन, दिन-रात दौड़ रहे ओवरलोड वाहन; ग्रामीणों ने जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल, जांच के आश्वासन के बावजूद खनन पर रोक कब?

जन एक्सप्रेस /चित्रकूट :- जनपद के पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरा गांव स्थित बागे नदी के डीघरी घाट पर कथित अवैध बालू खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के मुताबिक यहां राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के पर्यावरणीय मानकों और खनन संबंधी नियमों को ताक पर रखकर नदी की बीच धारा में भारी-भरकम पोकलैंड मशीनों से लगातार बालू निकाली जा रही है। आरोप है कि खनन का यह खेल दिन-रात बदस्तूर जारी है और सैकड़ों ओवरलोड वाहन बिना किसी रोक-टोक के नदी से बालू लेकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मशीनों के जरिए नदी की जलधारा के बीच से बड़े पैमाने पर लाल बालू निकाली जा रही है। इससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप, जल प्रवाह और पर्यावरण पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है। सवाल यह है कि यदि खनन निर्धारित नियमों के तहत हो रहा है तो नदी की बीच धारा में भारी मशीनों के इस्तेमाल और ओवरलोड वाहनों के लगातार संचालन की स्थिति की जांच क्यों नहीं हो रही?
मामले को लेकर जब खनन अधिकारी से बातचीत की गई तो उन्होंने जांच करवाने की बात कही। लेकिन ग्रामीणों के आरोपों के अनुसार जांच के आश्वासन के बावजूद खनन गतिविधियां लगातार जारी हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर खनन माफियाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है? क्या जिम्मेदार विभागों को इस गतिविधि की जानकारी नहीं है या फिर कार्रवाई के नाम पर केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है? सबसे बड़ा सवाल यह है कि बागे नदी को बचाने की जिम्मेदारी किसकी है? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे, पर्यावरणीय नुकसान या ग्रामीणों के आंदोलन का इंतजार कर रहा है? जिला प्रशासन और खनन विभाग को चाहिए कि डीघरी घाट पर तत्काल स्थलीय जांच कराई जाए, खनन की वैधता, मशीनों के उपयोग, निर्धारित पट्टा क्षेत्र और ओवरलोड परिवहन की निष्पक्ष जांच हो तथा नियमों का उल्लंघन मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।






