सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं फरियादियों की शिकायतें, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

जिला संवाददाता- बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- शनिवार को तहसील सवायजपुर में डीएम राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम ने फरियादियों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जिन शिकायतों का निस्तारण मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निस्तारित किया जाए। अन्य मामलों में संबंधित अधिकारी स्थलीय जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायतकर्ता को संतुष्टिपरक समाधान उपलब्ध कराया जाए।
राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण में विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश देते हुए डीएम ने मेड़बंदी, चकरोड तथा चकरोड पर अवैध कब्जे से संबंधित मामलों में राजस्व एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने को कहा। उन्होंने सार्वजनिक रास्तों एवं चकरोडों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विकास विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए डीडीओ को संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थलीय सत्यापन कराने तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं,एसपी ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरती जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए।इस अवसर पर एसडीएम सवायजपुर माधव उपाध्याय,डीडीओ सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







