हरदोई में नकदी व जेवरात सहित लाखो की चोरी का खुलासा:पुलिस ने चोरी के आभूषण व 55 हजार रुपये के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

जिला संवाददाता/रिपोर्ट-बी जी मिश्र
——————————-
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- हरपालपुर थाना क्षेत्र के खरगपुर मजरा खसौरा गांव में घर का ताला तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण और 55 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। गिरफ्तार दोनों आरोपी शाहजहांपुर जिले के मदनापुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, खसौरा गांव के मजरा खरगपुर निवासी श्यामवीर पुत्र रामकिशुन ने बीती 22 अक्टूबर 2026 को हरपालपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि रात में अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी कर ली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 331(4), 305(ए) और 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अनीस पुत्र स्वर्गीय हसमत और नसीम खां पुत्र असफाक खां निवासीगण इस्लामनगर, पंखाखेड़ा थाना मदनापुर, जनपद शाहजहांपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अदद चेन, तीन अदद नाक की कील, एक अदद बेसर, एक अदद कमर पेटी, दो जोड़ी पायल और 55 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अनीस के खिलाफ जनपद शाहजहांपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और अन्य धाराओं में 12 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, नसीम खां के खिलाफ भी विभिन्न थानों में 13 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास शाहजहांपुर, अलीगढ़ और मथुरा जनपद के विभिन्न थानों से संबंधित है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार शुक्ल, उपनिरीक्षक दीपक कुमार, उपनिरीक्षक मोहित सिंह, कांस्टेबल कल्याण सिंह, राजाबाबू और प्रद्युम्न कटारिया सहित स्वाट/सर्विलांस/एसओजी टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।






