भाजपा फिर तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाकर टॉप पर होगी,सपा हाॅफ पर होगी: केशव मौर्य

जन एक्सप्रेस /सुइथाकलां,जौनपुर :- सुईथाकलां स्थित एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की विदाई तय है और उसे फिर सैफई लौटना पड़ेगा।
बुधवार को सुइथाकलां गांव में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने पहुंचे उपमुख्यमंत्री पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से पीडीए की अलग-अलग परिभाषाएं दिए जाने के सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश पहले अपनी पार्टी के 20-25 लोगों को बैठाकर एक सर्वमान्य परिभाषा तय कर लें। उनके पास परिभाषाएं गढ़ने के अलावा कोई काम नहीं रह गया है। सहारनपुर में पुलिसकर्मियों द्वारा ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के मामले में उन्होंने इसे पुलिस की चूक बताया।
इससे पहले छीतमपट्टी गांव में स्थित हेलीपैड पर एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आने पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव,विधायक शाहगंज रमेश सिंह, विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्र और राज्यसभा सदस्य विद्यासागर सोनकर समेत पार्टी के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बुके भेंटकर उनका स्वागत किया.








