सितारगंज में दो स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 7.52 ग्राम शुद्ध स्मैक बरामद
सिडकुल और शक्तिफार्म क्षेत्र में पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई, दोनों आरोपी जनपद नैनीताल के निवासी

जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- पुलिस ने स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 7.52 ग्राम शुद्ध स्मैक (हेरोइन) बरामद की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को सिडकुल चौकी क्षेत्र में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एमबीआर गेट से कैलाश नदी जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली गई। पूछताछ में उसकी पहचान गिरीश आर्य (27) पुत्र स्वर्गीय कृष्ण राम आर्य निवासी लाखनमंडी, खुला बाजार, हनुमान गढ़ी, चोरगलिया जनपद नैनीताल के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से प्लास्टिक सहित 4.96 ग्राम और शुद्ध 4.24 ग्राम स्मैक बरामद की।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में शक्तिफार्म चौकी क्षेत्र में प्रभारी उपनिरीक्षक संजय कुमार पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान पिपलिया जाने वाली कच्ची सड़क के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली गई। उसकी पहचान प्रिंस सिंह (24) पुत्र मंजीत सिंह निवासी ग्राम देपुर सनवाल कांठबांस थाना चोरगलिया जनपद नैनीताल के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से प्लास्टिक सहित 4.02 ग्राम और शुद्ध 3.28 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों मामलों में कोतवाली सितारगंज में एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार (चौकी प्रभारी सिडकुल), उपनिरीक्षक संजय कुमार (चौकी प्रभारी शक्तिफार्म), हेड कांस्टेबल नवनीत कुमार, कांस्टेबल अर्जुन सिंह, विनोद जोशी और एएनटीएफ कांस्टेबल विनोद खत्री शामिल रहे।






