
जन एक्सप्रेस/हरिद्वार देवभूमि उत्तराखण्ड से जन्मशताब्दी वर्ष का संदेश लेकर कनाडा पहुंचे शांतिकुंज के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या को कनाडा की केंद्र सरकार एवं कैलगरी नगर प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। इससे पहले भी ओंटारियो राज्य सरकार द्वारा उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया जा चुका है।डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों, अखिल विश्व गायत्री परिवार के वैश्विक सेवा कार्यों और भारतीय संस्कृति के सार्वभौमिक संदेश के प्रति सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक है।कनाडा की केंद्र सरकार की ओर से कैलगरी (अल्बर्टा) के तीन सांसदों ने विशेष सम्मान पत्र भेंट कर डॉ. पण्ड्या के विश्व शांति, मानवीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय और वैश्विक सद्भाव के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की सराहना की। सांसदों ने मानवता के कल्याण और विश्वबंधुत्व की स्थापना के लिए गायत्री परिवार द्वारा किए जा रहे रचनात्मक कार्यों को प्रेरणादायक बताया।यह सम्मान उन सतत प्रयासों की अंतरराष्ट्रीय स्वीकृति माना जा रहा है, जो युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के आदर्शों के अनुरूप नैतिक जागरण, मानव उत्थान और विश्वकल्याण के लिए निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।
कैलगरी नगर प्रशासन की ओर से भी डॉ. चिन्मय पण्ड्या का विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक माइक जेमिसन ने सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए सम्मान पत्र भेंट किया और उनके प्रेरणादायी नेतृत्व, मानवीय मूल्यों के संवर्धन तथा समाज निर्माण में दिए जा रहे योगदान की प्रशंसा की।कनाडा की केंद्र सरकार तथा कैलगरी नगर द्वारा प्राप्त ये सम्मान गायत्री परिवार की वैश्विक पहचान, सेवा-साधना और विश्वकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण माने जा रहे हैं।इस उपलब्धि पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं श्रद्धेया शैलदीदी सहित देव संस्कृति विश्वविद्यालय और शांतिकुंज परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे संगठन के लिए गौरव का विषय बताया।





