
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- उत्तराखंड पर्यटन विभाग और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांचवें हिमालयन माउंटेन बाइकिंग अभियान ‘द अल्टीमेट उत्तराखंड एमटीबी’ का काफिला बुधवार को चिन्यालीसौड़ पहुंचा। इस 658 किलोमीटर लंबी रोमांचक साइकिल रैली में देश के 18 राज्यों के साथ-साथ भारतीय सेना, वायुसेना, आईटीबीपी (ITBP) और रेलवे के कुल 65 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के करीब 10 जिलों के प्राकृतिक सौंदर्य, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और स्थानीय पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। मुक्तेश्वर (नैनीताल) से शुरू हुआ यह अभियान मध्य हिमालय के पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और टिहरी जैसे कठिन रास्तों से गुजरते हुए चिन्यालीसौड़ पहुंचा है। कई वर्षों के अंतराल वर्ष 2017-18 के बाद पुनः शुरू हुई इस प्रतिष्ठित रैली का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा।
रैली के चिन्यालीसौड़ पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन, पुलिस और पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने सभी साइकिलिस्टों का फूलमालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी उत्तरकाशी खुशाल सिंह नेगी और जिला पर्यटन अधिकारी टिहरी सोबत राणा विशेष रूप से मौजूद रहे। तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में हो रहा संचालन यह प्रतियोगिता साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और उत्तराखंड साइक्लिंग एसोसिएशन के तकनीकी सहयोग से संचालित की जा रही है। अभियान को सफल बनाने में समन्वय समिति के अध्यक्ष एवं सीएफआई के संयुक्त सचिव शैलेंद्र कुमार पाठक, संयुक्त सचिव नीरज तंवर, कार्यकारिणी सदस्य प्रसन्ना राउत, तकनीकी पैनल के अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र लांबा, प्रशासनिक निदेशक वी.एन. सिंह, समन्वयक गिरधर सिंह मनराल और सहायक रेस डायरेक्टर अभिजीत सेठ सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।






