
जन एक्सप्रेस/सितारगंज :- कोतवाली सितारगंज पुलिस की ओर से बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स और स्कूली छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने नशे से दूर रहने और इससे संबंधित किसी भी सूचना को पुलिस हेल्पलाइन 112, 1933 और मानस पोर्टल पर साझा करने की जानकारी दी।
साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए ओटीपी किसी के साथ साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और पैसों के लेन-देन वाले ऑनलाइन गेम्स से दूर रहने की सलाह दी। वहीं, महिला उपनिरीक्षक बबीता टम्टा ने छात्र-छात्राओं को लैंगिक अपराधों और पॉक्सो अधिनियम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नाबालिगों के साथ छेड़छाड़ और शारीरिक शोषण जैसे अपराधों में होने वाली कठोर कानूनी कार्रवाई के संबंध में जागरूक किया।






