UP Breaking NewsUP POLICEटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदेशराज्य खबरेंहरदोई

आर्य विद्या प्रसाद समिति का हुआ गठन, देवेंद्र राज कंडेल संरक्षक तो शैलेश बाजपेयी बने अध्यक्ष

जन एक्सप्रेस/महराजगंज :-  भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे ठूठीबारी के राधा कुमारी इंटर कॉलेज को शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से आर्य विद्या प्रसाद समिति की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसको लेकर राधा कुमारी इंटर कॉलेज परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक सर्वसम्मति से समिति की नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही समिति के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

आर्य विद्या प्रसार समिति के लिए सर्वसम्मति से देवेंद्र राज कंडेल उर्फ मुन्ना बाबू को संरक्षक, शैलेश बाजपेयी को अध्यक्ष, आरोग्य कंडेल को मंत्री, कृष्ण कुमार दुबे को संयुक्त मंत्री तथा भवन प्रसाद गुप्ता को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। पदाधिकारियों के चयन की घोषणा के बाद उपस्थित सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समिति के गठन को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सदस्यों ने कहा कि आपसी एकजुटता, समर्पण और सहयोग के आधार पर समिति के उद्देश्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई गई कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए समिति की गतिविधियों को सक्रिय और प्रभावी बनाएंगे। बैठक में संगठन की एकता, आपसी समन्वय और सामूहिक सहभागिता को प्राथमिकता देने पर भी सहमति बनी। समिति की नई कार्यकारिणी के गठन होने से लोगों ने विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारियों के नेतृत्व और मार्गदर्शन में समिति अपने निर्धारित उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर राधा कुमारी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रविकांत जाटव, उपप्रबंधक राजीव मिश्रा, हेमंत मद्धेशिया, मंजूर अली, श्याम मोहन श्रीवास्तव, जितेंद्र कुमार जायसवाल, विजय कुमार पांडेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button