Crimeutrakhandउत्तरकाशी

सिम कार्ड चोरी कर बैंक खाते से उड़ाए 2.66 लाख रुपये, तीन युवकों पर शक

दुकानदार को बातचीत में उलझाकर मोबाइल से निकाला सिम, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

नानकमत्ता। क्षेत्र के ग्राम डोहरा सिसईखेड़ा में शातिर युवकों ने एक दुकानदार के मोबाइल फोन से सिम कार्ड चोरी कर बैंक खाते से 2.66 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बीते 19 नवंबर को बाइक सवार तीन युवक किसी काम के बहाने दुकानदार प्रहलाद सिंह बिष्ट की दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने दुकानदार को बातचीत में उलझा लिया और इसी दौरान काउंटर पर रखे मोबाइल फोन से सिम कार्ड निकाल लिया। इसकी भनक दुकानदार को तत्काल नहीं लग सकी।

कुछ समय बाद सिम कार्ड चोरी होने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने उसके दुरुपयोग की आशंका जताते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर सिम कार्ड बंद कराया और बैंक को भी मामले की जानकारी दी। हालांकि, तब तक उनके बैंक खाते से 2.66 लाख रुपये निकाले जा चुके थे।

प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के साथ ही बैंक खाते से निकाली गई रकम के लेनदेन से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button