शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई शादी का झांसा देकर इटावा की 25 वर्षीय युवती के साथ कई बार दुष्कर्म करने के आरोप में बेहटा गोकुल पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इटावा जिले के एक गांव निवासी युवती ने 25 नवंबर को बेहटा गोकुल थाने में तहरीर दी थी। युवती ने बताया कि करीब तीन साल पहले गुरुग्राम में उसकी मुलाकात हरदोई जिले के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के हुसैपुर कर्माया गांव निवासी ओसामा उर्फ उज्जैन पुत्र हफीज से हुई थी।युवती का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी झांसे में लेकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह अपने वादे से मुकर गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया।युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। शनिवार को पुलिस ने आरोपी ओसामा उर्फ उज्जैन को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।






