
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- अग्निशमन विभाग पुरोला की ओर से स्थानीय संस्कृत विद्यालय में शुक्रवार को अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता बरतने, समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचने तथा प्रारंभिक स्तर पर आग पर काबू पाने के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग के प्रभारी मुन्ना सिंह चौहान, गिरीश रावत एवं अमित कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की आग, उसके कारणों तथा उससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने गैस सिलेंडर, बिजली के उपकरणों एवं शॉर्ट सर्किट से होने वाली आग से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेने की सलाह दी।
अग्निशमन कर्मियों ने विद्यार्थियों को आपदा के समय सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन), प्राथमिक प्रतिक्रिया तथा अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर सही निर्णय और जागरूकता से बड़े हादसों को टाला जा सकता है।
विद्यालय प्रशासन ने अग्निशमन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आपदा के समय सही निर्णय लेने का आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।






