
चंद्रप्रकाश बहुगुणा
जन एक्सप्रेस /हरिद्वार :- देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि शिक्षक विषयों का ज्ञान देने के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और समाज के भविष्य को दिशा देते हैं। इसलिए शिक्षा में ज्ञान के साथ संस्कार नैतिक मूल्य और जीवनोपयोगी गुणों का समावेश जरूरी है। शिक्षक अपने आचरण और व्यवहार से भी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हैं। डॉ. चिन्मय पण्ड्या के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से आए शिक्षक सदस्यों के लिए तीन दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इसका उद्देश्य शिक्षकों को व्यापक और मूल्यपरक शिक्षा की अवधारणा से परिचित कराना तथा शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी और सार्थक बनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर डॉ. पण्ड्या ने शिक्षकों से कहा कि शिक्षा का उद्देश्य पाठ्यक्रम पूरा कराने और परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं है। इसका वास्तविक लक्ष्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो उनमें आत्मविश्वास अनुशासन संवेदनशीलता नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करे। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने योग्य भी बनाएं। डॉ. पण्ड्या ने शिक्षकों को अपने दायित्व का व्यापक स्वरूप समझने और शिक्षा को जीवन मूल्यों से जोड़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही अच्छे नागरिक और जिम्मेदार समाज के निर्माण का आधार बन सकती है।
तीन दिवसीय कार्यशाला में शिक्षकों को शिक्षा के विभिन्न आयामों, मूल्यपरक शिक्षण और प्रभावी अध्यापन की उपयोगी जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य उनके शिक्षण अनुभव को समृद्ध करना और कक्षा में शिक्षा को अधिक रोचक, व्यावहारिक एवं जीवन से जुड़ा बनाना है।
https://youtu.be/8OTIqgElmLY?si=clTTcrb7b5HOkjOF






