26/11 की बरसी पर मुंबई को बम धमाके की धमकी, अमिताभ बच्चन का घर और मेयर कार्यालय निशाने पर

जन एक्सप्रेस /लखनऊ :- मुंबई में 26/11 आतंकी हमले की 18वीं बरसी के मौके पर एक बार फिर धमकी भरे ईमेल से हड़कंप मच गया है। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिड़े को मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला है। ईमेल में मुंबई के कई अहम स्थानों पर बम रखे होने का दावा किया गया है। इनमें सायन स्थित अभिनेता अमिताभ बच्चन का आवास जलसा और आचार्य मेट्रो स्टेशन भी शामिल हैं। धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और मामले की जांच की जा रही है।
मुंबई में धमकी भरे ईमेल से मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, मुंबई मेयर कार्यालय को मिले ईमेल में कार्यालय को उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके साथ ही ईमेल भेजने वाले ने सायन स्थित महालक्ष्मी जलसा बंगले और आचार्य मेट्रो स्टेशन पर बम रखे होने का दावा किया है। हालांकि, इन स्थानों पर विस्फोटक होने की पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां धमकी को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं।
पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट को भी मिली बम से उड़ाने की धमकी
मुंबई के अलावा पुणे में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। यहां शिवाजीनगर कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की टीम को कोर्ट परिसर में जांच के लिए बुलाया गया है। गौरतलब है कि इसी कोर्ट के बाहर एक दिन पहले एक व्यक्ति पर कोयता और बंदूक से हमला किया गया था। ऐसे में धमकी भरे ईमेल के बाद पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।
26/11 हमले के 18 साल, आज भी ताजा हैं जख्म
26 नवंबर का दिन भारत के इतिहास में दो महत्वपूर्ण घटनाओं के लिए याद किया जाता है। एक तरफ इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था, जो 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। वहीं, 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। मुंबई पर हुए इस हमले में पाकिस्तान से आए 10 आतंकवादियों ने शहर के कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया था। इस आतंकी हमले में 166 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 600 से अधिक लोग घायल हुए थे। सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए नौ आतंकवादियों को मार गिराया था। वहीं, एकमात्र जीवित पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब को बाद में कानूनी प्रक्रिया के बाद फांसी दी गई थी।
1998 में भी 26 नवंबर को हुआ था बड़ा रेल हादसा
26 नवंबर की तारीख से एक और दर्दनाक घटना जुड़ी हुई है। 26 नवंबर 1998 को पंजाब के खन्ना के पास कौड़ी गांव के समीप एक बड़ा रेल हादसा हुआ था। दिल्ली से अमृतसर जा रही फ्रंटियर मेल (फ्रंटियर गोल्डन टेंपल मेल) के कुछ डिब्बे पटरी से उतरकर समानांतर ट्रैक पर आ गए थे। इसी दौरान जम्मू तवी-सियालदह एक्सप्रेस इन डिब्बों से टकरा गई थी। इस भीषण हादसे में 212 लोगों की मौत हो गई थी। आज 26/11 आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर मुंबई और पुणे में मिली धमकियों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की जांच कर रही हैं।






