
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 7.97 ग्राम शुद्ध स्मैक (हेरोइन) बरामद की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई सिडकुल चौकी क्षेत्र में अम्बुजा कंपनी को जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान की गई। उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 5.70 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसका शुद्ध वजन 4.88 ग्राम पाया गया। आरोपी की पहचान अभय दास (20) पुत्र निरंजन दास निवासी जेल कैंप नंबर-02, शक्तिफार्म के रूप में हुई।
वहीं दूसरी कार्रवाई सितारगंज-अमरिया मार्ग पर इण्डर रोड के पास की गई। उपनिरीक्षक दीपक कौशिक पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 3.84 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसका शुद्ध वजन 3.09 ग्राम पाया गया। आरोपी की पहचान मिथुन बड़ई (28) पुत्र सचिन बड़ई निवासी टेंगर नगर नंबर-04, शक्तिफार्म के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार (चौकी प्रभारी सिडकुल), उपनिरीक्षक दीपक कौशिक (चौकी प्रभारी सरकड़ा), हेड कांस्टेबल नवनीत कुमार तथा कांस्टेबल अर्जुन सिंह और इमदाद हुसैन शामिल रहे।






