
चंद्रप्रकाश बहुगुणा
जन एक्सप्रेस /हरिद्वार :- उत्तराखण्ड सरकार के उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और दिल्ली पुलिस के पुलिस उपायुक्त श्री महेश बरनवाल देवसंस्कृति विश्वविद्यालय पहुंचे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने दोनों अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। दोनों अतिथियों ने डॉ. पण्ड्या से अलग-अलग मुलाकात की। इस दौरान शिक्षा, युवा विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने विश्वविद्यालय की शिक्षा पद्धति और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने उन्हें बताया कि देवसंस्कृति विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देता है। यहां शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी जोड़ा जाता है। उन्होंने विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी भी साझा की।
वहीं, आईपीएस अधिकारी महेश बरनवाल के साथ हुई मुलाकात में अनुशासन देशभक्ति युवा विकास और राष्ट्रसेवा के विषय प्रमुख रहे। दोनों के बीच युवाओं में कर्तव्यनिष्ठा और समाजसेवा का भाव विकसित करने पर विचार-विमर्श हुआ। डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनके भीतर शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और सामाजिक संवेदना का विकास भी जरूरी है। यही गुण उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं।ं डॉ. पण्ड्या ने बरनवाल की कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पित सेवा भावना की सराहना की। दोनों अतिथियों ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के प्रति रुचि व्यक्त की।






