
जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- ग्राम पंचायत नवाबगढ़ के खादर क्षेत्र में मौजा डाकपत्थर की यमुना श्रेणी की भूमि पर अवैध कब्जा कर करीब दो बीघा जमीन को बाउंड्री वॉल से घेर दिया गया है। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े पैमाने पर हो रहे कब्जे और निर्माण की भनक तक तहसील प्रशासन को नहीं लगी। आरोप है कि तहसील प्रशासन की मिलीभगत से पूरा काम किया गया। शिकायत दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। खसरा नंबर 564, 565 समेत आसपास की यमुना श्रेणी की इस भूमि पर कब्जा कर बाउंड्री वॉल बना दी गई है। यमुना नदी के खादर/श्रेणी की भूमि आमतौर पर सरकारी या प्रतिबंधित श्रेणी में आती है, जहां अवैध कब्जा और निर्माण पर्यावरण, बाढ़ सुरक्षा और राजस्व दोनों लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी बाउंड्री वॉल बिना किसी अनुमति के खड़ी हो जाना प्रशासन की लापरवाही या सक्रिय सहयोग का संकेत देता है।
मामले में तहसील प्रशासन को औपचारिक शिकायत दी गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। इससे पहले नवाबगढ़ की सतीघाट में भी डांग की जमीन पर अवैध कब्जा (खुर्द) का मामला सामने आया था, लेकिन उस पर भी विभाग ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। दोनों घटनाओं को जोड़कर देखने पर आरोप लग रहे हैं कि नवाबगढ़ क्षेत्र में तहसील विभाग की साठगांठ से सरकारी/नदी श्रेणी की जमीन पर कब्जे का सिलसिला चल रहा है। तहसीलदार विवेक राजौरी ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शिकायत पर जांच कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जांच का ऐलान पहले भी होता रहा है, लेकिन जमीन पर न तो बाउंड्री वॉल हटी है और न ही कब्जेदारों के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाया गया है।
क्षेत्र में पहले भी यमुना नदी बेड और आसपास की जमीनों पर अवैध खनन और अतिक्रमण के मामले एनजीटी तक पहुंच चुके हैं। हाल में नवाबगढ़ से डाकपत्थर तक शक्ति नहर किनारे यूजेवीएनएल की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी हुई थी। ऐसे में यमुना श्रेणी की भूमि पर खुलेआम बाउंड्री वॉल खड़ा होना प्रशासन की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह है कि खबर सार्वजनिक होने के बाद तहसील प्रशासन कितनी तेजी और ईमानदारी से कार्रवाई करता है। कब्जा हटाया जाता है या फिर जांच के नाम पर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।






