PoliticsUP Breaking Newsउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदेशब्रेकिंग न्यूज़महराजगंजराजनीतिराज्य खबरें

टैक्स बार एसोसिएशन के चुनावी विवाद में बड़ा फैसला, एक माह के भीतर होगा पुनः चुनाव

राज्य विधिज्ञ परिषद ने जारी किया आदेश, चुनाव से संबंधित सभी अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश

जन एक्सप्रेस/महराजगंज :-  टैक्स बार एसोसिएशन महराजगंज में लंबे समय से चल रहे चुनावी विवाद पर राज्य विधिज्ञ परिषद उत्तर प्रदेश ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। परिषद के अध्यक्ष शिव किशोर गौड़ द्वारा 23 नवंबर 2026 को पारित आदेश में एसोसिएशन का वर्ष 2026-2027 का वार्षिक चुनाव एक माह के भीतर नियमानुसार पुनः संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है। इस आदेश के बाद अधिवक्ताओं के बीच चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टैक्स बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर अधिवक्ता चंदन कुमार केडिया ने राज्य विधिज्ञ परिषद के समक्ष मामला उठाया था। इस विवाद को लेकर इलाहाबाद उच्च न्यायालय में रिट याचिका संख्या 24767/2026 भी दाखिल की गई थी। परिषद ने प्रस्तुत प्रार्थना-पत्र, संबंधित अभिलेखों और न्यायिक आदेशों का अवलोकन करने के बाद यह निर्देश जारी किया है।

परिषद के आदेश में उल्लेख किया गया है कि एसोसिएशन की निवर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल 27 जनवरी 2026 को समाप्त हो गया था। इसके बाद मॉडल बायलॉज के प्रावधानों के तहत एल्डर्स कमेटी के गठन और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विवाद सामने आया। वहीं, 7 अप्रैल 2026 को संपन्न कराए गए चुनाव की वैधानिकता और निर्धारित नियमों के अनुपालन पर भी सवाल उठाए गए थे।

चुनाव प्रक्रिया में चुनाव अधिकारी की नियुक्ति, मतदान में भागीदारी, निर्वाचन की प्रक्रिया और निर्वाचित पदाधिकारियों की पात्रता को लेकर पक्षकारों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था। प्रस्तुत अभिलेखों के अनुसार, चुनाव में चंदन कुमार केडिया को पांच मत, जबकि राघवेंद्र प्रताप सिंह को 35 मत प्राप्त हुए थे। इसके बावजूद चुनाव प्रक्रिया और परिणाम को लेकर विवाद राज्य विधिज्ञ परिषद तक पहुंच गया।
राज्य विधिज्ञ परिषद ने अपने आदेश में स्पष्ट निर्देश दिया है कि टैक्स बार एसोसिएशन महराजगंज का वार्षिक चुनाव एक माह के भीतर निर्धारित नियमों के अनुसार कराया जाए।

साथ ही वर्तमान कार्यकारिणी की सूची और चुनाव से संबंधित संपूर्ण अभिलेख तत्काल बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश को उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया की वैधानिकता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। आदेश में उत्तर प्रदेश सरकार एवं अन्य से संबंधित रिट याचिका संख्या 6613/2026 का भी उल्लेख किया गया है। इसके अलावा बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता संघ संबंधी नियमावली और मॉडल बायलॉज के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। परिषद ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का अनुपालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित दोषी अधिवक्ताओं के विरुद्ध अधिवक्ता अधिनियम, 1961 की धारा 35 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

इस आदेश के अनुपालन में 25 नवंबर 2026 को बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश की ओर से पत्र संख्या 1673/26 भी जारी किया गया। इसके माध्यम से आदेश की प्रति टैक्स बार एसोसिएशन की एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन, एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा अधिवक्ता राघवेंद्र प्रताप सिंह को भेजी गई। साथ ही जिलाधिकारी और जिला जज महराजगंज के कार्यालय को भी संबंधित पक्षों तक पत्र की प्रति पहुंचाने का अनुरोध किया गया है।

अब निगाहें नए चुनाव पर:
राज्य विधिज्ञ परिषद के इस आदेश के बाद टैक्स बार एसोसिएशन महराजगंज में नए सिरे से चुनाव कराने की प्रक्रिया को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि संबंधित पदाधिकारी निर्धारित एक माह की समयसीमा के भीतर चुनाव कार्यक्रम घोषित कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निर्वाचन संपन्न कराते हैं या नहीं। फिलहाल परिषद के आदेश ने लंबे समय से चले आ रहे चुनावी विवाद के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button