खसौरा में युवक पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई हरपालपुर थाना क्षेत्र के खसौरा गांव में युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के खसौरा गांव निवासी सुनैना देवी पत्नी रामप्रताप ने बीती 9 नवंबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि गांव के ही राजीव उर्फ झल्लू पुत्र जगदीश ने उनके बेटे नीलेश के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी कुल्हाड़ी लेकर आया और नीलेश पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर खसौरा जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिया के पास से आरोपी राजीव उर्फ झल्लू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी भी बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अंजना सचान, उपनिरीक्षक दीपक, आरक्षी मोहित और आरक्षी प्रद्युम्न कटारिया शामिल रहे।






