
जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- रेशमबाड़ी चाकूबाजी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को रुद्रपुर पुलिस ने शनिवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 नवंबर को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस वांछित आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर की तलाश थी। पुलिस ने रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर (25) पुत्र पप्पू, निवासी रेशमबाड़ी, रुद्रपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






