डॉ. हेडगेवार का रामपायली में स्मारक बनाएगी मध्य प्रदेश सरकार
भोपाल। मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के प्रथम सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का बालाघाट जिले के रामपायली में स्मारक बनाएगी। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि रामपायली की इस पवित्र धरती में जहां से परम पूज्य डॉ. हेडगेवार जी ने क्रांतिकारी गतिविधियों का संचालन किया था, वहां आने का अवसर मिला।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि डॉ. हेडगेवार ने अनेक क्रांतिकारी गतिविधियां यहां से संचालित की। उनके काका श्रद्धेय आबाजी हेडगेवार यहां रहा करते थे। यहीं अंग्रेजी राज्य को उखाड़ फेंकने के लिए उन्होंने पुलिस चौकी पर बम फेंका था। यहीं क्रांति की ज्वाला धधकाने के लिए दशहरा मैदान में उन्होंने प्रसिद्ध भाषण दिया था, जिसके कारण अंग्रेजों की नजर उनकी तरफ गई और उनका भाषण देना प्रतिबंधित कर दिया गया।
सौभाग्यशाली है बालाघाट जिला
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहीं इसी धरती से उन्होंने जंगल सत्याग्रह की योजना बनाई तथा अनेकों क्रांतिकारी गतिविधियों का संचालन किया। यह बालाघाट जिला सचमुच में बहुत सौभाग्यशाली है, जहां उन्होंने कई तरह की देशभक्ति की गतिविधियां प्रारंभ की। उन्होंने कहा कि हमने यह सोचा है कि जहां उन्होंने क्रांतिकारी गतिविधियां संचालित की तथा योजनाएं भी बनाईं, तथा अंग्रेजी शासन को उखाड़ फेंकने का शंखनाद किया, वहां उनकी स्मृति में एक ऐसा स्मारक हो जो सबको देशभक्ति की प्रेरणा देता रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रारंभिक रूप से इस पवित्र रामपायली में जहां प्रभु श्रीराम की कृपा रही है, वह सारे स्थान देखे हैं। अब प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर इस दिशा में आगे बढ़ने की योजना बनाएंगे। आपको बता दें कि रामपायली भगवान श्रीराम के वनवास से जुड़ा हुआ स्थान भी है। इसी जगह पर डॉ. हेडगेवार ने कलकत्ता से मेडिकल की पढ़ाई करने के बाद अंग्रेजों के खिलाफ कई गतिविधियां संचालित की थीं।






