पति से विवाद के बीच मायके वालों संग ससुराल पहुंची विवाहिता, विधवा सास से मारपीट

जिला संवाददाता – शम्भूनाथ पुरोहित
जन एक्सप्रेस / हाथरस: हाथरस में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच ससुराल में मारपीट और हंगामे का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक विवाहिता रात के समय अपने मायके पक्ष के करीब दर्जनभर लोगों के साथ ससुराल पहुंची, जहां घर पर मौजूद उसकी विधवा सास के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी कथित तौर पर मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
मामला हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गंगा भीम बगीची के सामने गली नंबर 2, विष्णुपुरी का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा है और इसी विवाद के चलते विवाहिता लंबे समय से अपने पति से अलग रह रही है।

न्यायालय में विचाराधीन है पति-पत्नी का मामला
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद हाथरस न्यायालय में विचाराधीन है। इसी बीच विवाहिता के ससुराल पहुंचने और कथित तौर पर मारपीट व हंगामा किए जाने से मामला फिर गरमा गया।
पीड़ित विधवा सास का आरोप है कि रात के अंधेरे में विवाहिता अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ घर पहुंची और उसके साथ मारपीट की। महिला को बचाने और बीच-बचाव करने आए लोगों को भी कथित तौर पर नहीं बख्शा गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद पीड़ित विधवा सास ने थाना पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मारपीट की घटना, मौके पर मौजूद लोगों और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
मामले में पीड़ित सास और उसके बेटे की बाइट भी सामने आई है। पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।






