देश

ईडी की कार्रवाई से भड़की आम आदमी पार्टी का शिमला में प्रदर्शन

शिमला । आबकारी घोटाले से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में आम आदमी पार्टी (आआपा) नेता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया।

आआपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिमला में उपायुक्त कार्यालय के बाहर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन औऱ नारेबाजी की। आआपा का आरोप है कि केंद्र सरकार जानबूझ कर ईडी का दुरुपयोग कर अपने राजनीतिक विरोधियों को दबाने का काम कर रही है। आआप के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर ने कहा है कि भाजपा अनपढ़ों की जमात है। शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति लाने वाले मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के बाद अब संजय सिंह को जेल में डाल दिया गया है। ये सारी कार्रवाई बिना सबूतों के की गई है।

उन्होंने कहा कि राजनीति में पढ़े लिखे लोगों के आने से ये लोग डर गए हैं। सरकार की गलत नीतियों का जो विरोध कर रहा है, उन्हें जेल में डाला जा रहा है। यह लोकतंत्र की हत्या है। देश में डर का माहौल पैदा किया जा रहा है। भाजपा के केंद्र के लोग घोटाले के अलग अलग आंकड़े पेश कर रहे हैं। एक भी सबूत अभी तक कोर्ट में पेश नहीं कर पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को अपने दोषी भ्रष्टाचारी लोग दिखाई नहीं दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button