उत्तर प्रदेश

कांग्रेस प्रत्याशी सुचरिता मोहंती ने चुनाव लड़ने से कर दिया इनकार

पुरी: ओडिशा में पुरी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सुचरिता मोहंती ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है और पार्टी से वित्तीय मदद न मिलने का आरोप लगाते हुए पार्टी को टिकट लौटा दिया। कांग्रेस के पूर्व सांसद ब्रजमोहन मोहंती की बेटी सुचरिता ने शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल को एक ईमेल भेजा, जिसमें उन्होंने दावा किया कि पुरी लोकसभा क्षेत्र में उनका प्रचार अभियान बुरी तरह प्रभावित हुआ है क्योंकि पार्टी ने वित्तीय मदद देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के ओडिशा प्रभारी अजॉय कुमार ने स्पष्ट रूप से उनसे अपने दम पर चुनाव लड़ने को कहा है।

सुचरिता ने कहा, ”मैं एक वेतनभोगी पेशेवर पत्रकार थी और 10 वर्ष पहले चुनावी राजनीति में प्रवेश किया था। मैंने पुरी में प्रचार अभियान में अपना सबकुछ झोंक दिया। मैंने प्रगतिशील राजनीति के लिए अपने प्रचार अभियान के समर्थन में चंदा अभियान चलाने की भी कोशिश की लेकिन अब तक कोई खास सफलता नहीं मिली है। मैंने अनुमानित अभियान खर्च को कम से कम रखने की भी पूरी कोशिश की।” चूंकि सुचरिता अपने दम पर धन जुटाने में सक्षम नहीं थीं,

इसलिए उन्होंने पुरी लोकसभा क्षेत्र में प्रभावशाली अभियान चलाने के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व सहित सभी वरिष्ठ नेताओं से वित्तीय मदद के लिए संपर्क किया था। उन्होंने पार्टी को लिखे अपने मेल में कहा, ”स्पष्ट है कि धन की कमी हमें पुरी में विजयी अभियान से रोक रही है। मुझे खेद है कि पार्टी से वित्तीय मदद के बिना पुरी में अभियान चलाना संभव नहीं होगा। इसलिए, मैं पुरी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का पार्टी का टिकट वापस कर रही हूं।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button