उत्तराखंडकर्णप्रयाग

1 जुलाई से उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में प्रवेश शुरू, 10 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन

जन एक्सप्रेस/  कर्णप्रयाग: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र कर्णप्रयाग में ग्रीष्मकालीन सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 1 जुलाई से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 10 अगस्त तक विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय इस सत्र में 15 स्नातक, 35 स्नातकोत्तर, 16 डिप्लोमा तथा 29 प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश देगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020 के अनुरूप सभी सेमेस्टर आधारित पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को अब सेमेस्टरवार शुल्क जमा करने की सुविधा मिलेगी, जिससे एकमुश्त फीस जमा करने का आर्थिक बोझ कम होगा।

प्रवेश प्रक्रिया के लिए DEB-ID और ABC-ID अनिवार्य किए गए हैं। साथ ही विद्यार्थियों को क्रेडिट मोबिलिटी, मल्टीपल एंट्री और मल्टीपल एग्जिट जैसी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।

विश्वविद्यालय ने सैनिकों एवं जेल बंदियों के लिए विशेष सहायता केंद्र भी स्थापित किए हैं, ताकि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाई जा सके।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि अध्ययन सामग्री केवल उन्हीं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाएगी, जो ऑनलाइन माध्यम से पुस्तकों के लिए आवेदन करेंगे। इसके अलावा इस शैक्षणिक सत्र में विभिन्न पाठ्यक्रमों में शुल्क रियायतों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र-17030, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में प्रवेश से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आर.सी. भट्ट एवं सहायक क्षेत्रीय निदेशक प्रियंका लोहानी पांडेय ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए विद्यार्थी अध्ययन केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button