चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर सेना का 4 दिवसीय पैरामोटरिंग अभ्यास शुरू

जन एक्सप्रेस / चिन्यालीसौड़: उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर भारतीय सेना का चार दिवसीय पैरामोटरिंग अभ्यास शुरू हो गया है। अभ्यास के तहत रविवार सुबह सेना के जवानों ने इंजन चालित सिंगल और डबल सीटर पैरामोटर के माध्यम से हवाई अड्डे के ऊपर रोमांचक उड़ान का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे।
अभ्यास में शामिल सेना के जवान दो दिन पहले ही चिन्यालीसौड़ पहुंच गए थे और जल विद्युत निगम कॉलोनी में टेंट लगाकर ठहरे हुए हैं। रविवार सुबह करीब 6 बजे अभ्यास की शुरुआत हुई, जिसमें जवानों ने पैरामोटर के जरिए विभिन्न हवाई कौशल का प्रदर्शन किया।
सेना के इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सैनिकों को दुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित पहुंच, हवाई टोही (एरियल रिकॉनिसेंस) और सीमा निगरानी के लिए दक्ष बनाना है। पैरामोटरिंग तकनीक के माध्यम से सैनिक कम ऊंचाई पर तेजी से संचालन कर सकते हैं, जिससे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में अभियान चलाने और आपदा राहत कार्यों में भी सहायता मिलती है।
स्थानीय लोगों ने सेना के इस रोमांचक अभ्यास को उत्साह के साथ देखा और जवानों के साहस व कौशल की सराहना की। यह अभ्यास आगामी चार दिनों तक चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर जारी रहेगा।






