मुजफ्फरनगर में बाबा बुलडोजर कांवड़ ने खींचा ध्यान, 16 शिवभक्त लाए 61 लीटर गंगाजल

जन एक्सप्रेस/मुजफ्फरनगर :- उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान इस बार फिर अनोखी ‘बाबा बुलडोजर कांवड़’ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर मुजफ्फरनगर पहुंचे 16 शिवभक्त अपने साथ बुलडोजर के आकार की कांवड़ लेकर आए हैं। अनोखी कांवड़ को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ भी जुट रही है।
शिवभक्तों के मुताबिक, यह उनकी चौथी बुलडोजर कांवड़ है। शिवभक्तों की टोली हरिद्वार से 61 लीटर गंगाजल लेकर निकली है। अब वे मुजफ्फरनगर के ओघड़नाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
चौथी बार बुलडोजर के आकार की कांवड़
टोली में शामिल शिवभक्त सुनील कुमार ने बताया कि बुलडोजर कांवड़ लेकर आने का सिलसिला पहले भी जारी रहा है। इस बार भी उन्होंने अपनी कांवड़ को बुलडोजर का स्वरूप दिया है। कांवड़ यात्रा के दौरान इस अनोखी कांवड़ को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ नजर आ रही है।
योगी आदित्यनाथ की तारीफ
शिवभक्त सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ जिस तरह से काम कर रहे हैं, वह उन्हें पसंद है। सुनील कुमार ने अपनी इच्छा जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद योगी आदित्यनाथ देश के प्रधानमंत्री बनें।
उन्होंने बताया कि इसी मनोकामना के साथ वे भगवान भोलेनाथ के दरबार में गंगाजल चढ़ाने जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान ‘बाबा बुलडोजर कांवड़’ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।






