UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशधर्मराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने चार थाना क्षेत्रों में परखी सुरक्षा व्यवस्था

 

रिपोर्ट-बी जी मिश्र

जन एक्सप्रेस/हरदोई :– हरदोई में  पवित्र सावन माह के महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने रविवार को हरियावां, पिहानी, बेहटा गोकुल और शाहाबाद थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने प्रमुख शिव मंदिरों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए मौके पर तैनात पुलिस बल की स्थिति परखी। उन्होंने अधिकारियों से पर्व के दौरान संभावित भीड़, यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली।

  • भीड़ नियंत्रण व यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता रखते हुए लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश भी दिए गए।

 

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन एवं जलाभिषेक के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने पुलिसकर्मियों से सतर्कता, अनुशासन और बेहतर समन्वय के साथ ड्यूटी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन की सक्रियता से महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम माहौल उपलब्ध कराने की तैयारी तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button