
जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- पीएचसी में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, पहले दिन 373 मरीजों ने उठाया लाभ
पिथौरागढ़। विकासखंड कनालीछीना स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कनालीछीना में तीन दिवसीय स्वास्थ्य पखवाड़े के द्वितीय चरण का शुभारंभ हो गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल के निर्देशन में आयोजित शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के पहले दिन कुल 373 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों की जांच कर मरीजों को आवश्यक उपचार, दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस शिविर से लोगों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से काफी राहत मिली।
शिविर के दौरान 55 मरीजों की चेस्ट एक्स-रे, 7 की ईसीजी तथा 18 मरीजों के लैब टेस्ट किए गए। इसके अलावा 62 लोगों की गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 4 लोगों की आभा आईडी और 4 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि एक दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी जारी किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल ने बताया कि स्वास्थ्य पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के नजदीक पहुंचाना तथा गंभीर एवं जटिल बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि आगामी दिनों में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।






