utrakhand

बिरजा इंटर कॉलेज में ‘वेस्ट से बेस्ट’ प्रतियोगिता, बच्चों ने कबाड़ से बनाई आकर्षक कलाकृतियां

जन एक्सप्रेस /चिन्यालीसौड़ :- बिरजा इंटर कॉलेज में नगर पालिका की ओर से विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से ‘वेस्ट से बेस्ट’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए बेकार और अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक उपयोगी वस्तुएं तैयार कीं। बच्चों ने समाचार पत्र, पुरानी सीडी, प्लास्टिक की बोतलें, रस्सी, आइसक्रीम स्टिक और जूते के डिब्बों आदि का इस्तेमाल कर घर, मोटरसाइकिल, मोमबत्ती स्टैंड, कैरी बैग समेत कई आकर्षक मॉडल तैयार किए।

नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली श्याम ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मक सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में सृजनात्मक क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें कचरे के बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती हैं। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों की भी प्रशंसा की, जिन्होंने प्रतियोगिता के लिए अपने बच्चों को तैयार करने में सहयोग दिया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के आधार पर स्थान हासिल किए। सुजल, कानवी और ज्योति ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पर्यावरण पर्यवेक्षक दीपक कुमार और सिद्धांत बिजलवान ने प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एस.डी. घिल्डियाल सहित राजेश केस्टवाल, सुशील उनियाल, विपिन पंवार, अनिल नौटियाल, कृष्ण सकलानी और आशीष भट्ट समेत अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि घर और आसपास निकलने वाली कई अनुपयोगी वस्तुओं को रचनात्मक सोच के जरिए दोबारा उपयोगी बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button