मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए हर कोशिश में जुटी भाजपा

मीरजापुर । मिशन-2024 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। भाजपा की पूरी फौज केंद्र में सत्ता वापसी के लिए जोर-शोर से जुटी है। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा के लिए जून माह महत्वपूर्ण रहा।
कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के नौ वर्ष पूर्ण होने पर विकास कार्यों का हैंडबिल देकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपलब्धियां गिनाई। मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा हर कोशिश में जुटी हुई है। भाजपा का शुरूआती प्लान मतदाताओं को जानने-समझने के लिए बेहतर साबित होगा। यहां तक कि मिस्ड काॅल के जरिए मतदाता खुद बता रहे हैं कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपलब्धियों से संतुष्ट हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश भर में एक साथ अभियान की शुरूआत की थी। अभियान के तहत विशाल जनसभा, लाभार्थी सम्मेलन, संयुक्त मोर्चा सम्मेलन, व्यापारी सम्मेलन, संपर्क से समर्थन, घर-घर संपर्क अभियान भाजपा के लिए लोकसभा चुनाव 2024 में फिर से केंद्र की सत्ता की वापसी में सहायक होगा। यह अभियान पूरे माह भर चला।
भाजपा कार्यकर्ता हर घर के दरवाजे पर दस्तक देकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां गिना रहे हैं। उपलब्धियों से संबंधित पत्रिका और पंपलेट आदि वितरण कर रहे हैं। इस दौरान मोदी सरकार की उपलब्धियों से संतुष्ट होने पर भाजपा कार्यकर्ता एक नंबर पर मिस्ड कॉल करने का आग्रह भी कर रहे हैं।






