देश

राजनीति से प्रेरित न होकर व्यक्ति के व्यक्तित्व का सम्मान करती है भाजपा : शेखावत

जोधपुर । केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा राजनीति से प्रेरित न होकर व्यक्ति के व्यक्तित्व और गुणवत्ता का सम्मान करने वाली पार्टी है।

रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे शेखावत ने भारत रत्न से जुड़े पत्रकारों के सवालों पर कहा कि भारत को कृषि की दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने, देश की नई कृषि नीति के निर्माता और रचयिता डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन को भारत रत्न पुरस्कार देकर प्रधानमंत्री ने भाजपा का अन्नदाता के प्रति जो स्नेह और सम्मान है, उसको प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि दो पूर्व प्रधानमंत्रियों चौ.चरण सिंह और पीवी नरसिम्हा राव को भारत रत्न से सम्मानित कर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा ने अपनी वैचारिक हृदय की विशालता का परिचय दिया है।

पार्टी के गांव चलो अभियान के विषय में शेखावत ने कहा कि भाजपा के विचार को जन-जन तक पहुंचाने, मोदी सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिन लोगों को मिला है, उनसे संपर्क करने और जो लोग शेष रह गए हैं, उनकी पहचान करने के लिए यह अभियान बनाया गया है। राजस्थान में भाजपा सरकार के निर्णय को लोगों तक पहुंचाने और भाजपा सरकार बनाने में जिस तरह से लोगों ने सहयोग और समर्थन किया, उसके लिए उन्हें धन्यवाद देने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा का कमल एक बार फिर खिले, इसके लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांव चलो अभियान में पार्टी के सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता किसी न किसी गांव में 24 घंटे का प्रवास करेंगे। वहां रहकर लोगों से चर्चा करेंगे। वे स्वयं लोहावट विधानसभा क्षेत्र के रिडमलसर गांव में रात्रि प्रवास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button