वेतन वृद्धि पर केडीसी के शिक्षकों में खुशी की लहर

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बहराइच। किसान पी.जी. कॉलेज के स्ववित्तपोषित,अंशकालिक शिक्षकों और अंशकालिक शिक्षणेतर कर्मचारियों में वेतन वृद्धि पर खुशी की लहर दौड़ गई। महाविद्यालय के स्वायत्तशासी का दर्जा प्राप्त करने के बाद प्रबंध तंत्र द्वारा उठाए गए इस कदम से सभी शिक्षक प्रसन्न हैं। महाविद्यालय के स्ववित्तपोषित शिक्षकों का वेतन तीन स्तरों में विभाजित किया गया है और वरिष्ठता को देखते हुए वेतन की यह वृद्धि की गई है।
इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षकों ने डॉ.सत्यभूषण सिंह के नेतृत्व में महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव मेजर डॉ. एस.पी. सिंह को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर अजय कुमार त्रिपाठी, डॉ.धर्मेंद्र त्रिपाठी, धर्मवीर सिंह, आकांक्षा रस्तोगी, सविता वर्मा, नवरत्न सिंह सहित अनेक शिक्षक शिक्षणेतर कर्मचारी व महाविद्यालय के कार्यालयाधीक्षक राजवंत सिंह उपस्थित थे।






