हरदोई डबल मर्डर: इश्क, नफरत और कत्ल के बीच उलझी मर्डर मिस्ट्री, पुलिस की जांच में ‘लव एंगल’ भी शामिल

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- संडीला कोतवाली क्षेत्र के आटामऊ स्थित पानी की टंकी के पास हुए दोहरे हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे वारदात की तस्वीर और रहस्यमय होती जा रही है। जल जीवन मिशन में पिकअप चालक अरुण चौरसिया और लखनऊ निवासी अभिषेक उर्फ बबलू की हत्या के मामले में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। इनमें आपसी रंजिश, आपराधिक कनेक्शन, शराब पार्टी और कथित प्रेम-प्रसंग का एंगल भी शामिल है।
घटना स्थल से शराब की खाली बोतलें, गिलास और नमकीन के पैकेट मिलने से पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले दोनों के साथ पार्टी हुई थी। अरुण के पिता के मुताबिक, वह बुधवार शाम किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे। अगले दिन आटामऊ में निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास दोनों के शव बरामद हुए।
पोस्टमार्टम में सामने आईं गंभीर चोटें
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, अरुण के गाल में गोली लगी थी और उसके शरीर पर 9 गंभीर चोटों के निशान मिले। वहीं अभिषेक के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से 7 गहरे वार किए जाने की बात सामने आई है।
वारदात की यह स्थिति पुलिस के लिए कई सवाल खड़े कर रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों को मौके पर किसने बुलाया, घटना से पहले उनके साथ कौन मौजूद था और हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
पुलिस की जांच में कई एंगल
अभिषेक, जो फैजुल्लागंज लखनऊ का निवासी बताया गया है, के खिलाफ पहले से लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुछ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है। वह कछौना के रैंसो गांव में अपने मौसा के घर रह रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी लखनऊ रेंज किरण एस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद एसपी अशोक कुमार मीणा ने एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम और सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में तीन विशेष टीमें गठित कीं।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से 11 अहम साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों मृतकों के गायब मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
संदिग्धों से पूछताछ, मास्टरमाइंड की तलाश
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सर्विलांस और फॉरेंसिक इनपुट के आधार पर कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी संभावित कनेक्शनों को खंगाल रही है।
हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से हत्या के पीछे किसी एक वजह या कथित प्रेम-प्रसंग को आधिकारिक तौर पर कारण घोषित नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि रंजिश, आपराधिक कनेक्शन और घटना से पहले हुई कथित शराब पार्टी समेत सभी पहलुओं की जांच जारी है।
आधिकारिक गिरफ्तारी और पुलिस के खुलासे के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अरुण और अभिषेक की हत्या के पीछे असल वजह क्या थी और इस वारदात की साजिश किसने रची थी।






