utrakhandटिहरीटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगनई टिहरी

नरेंद्रनगर विधानसभा में SIR अभियान का अपर आयुक्त ने लिया जायजा, BLO को दिए सख्त निर्देश

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल उत्तम सिंह चौहान ने जनपद की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 11-नरेंद्रनगर का भ्रमण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

भ्रमण के दौरान अपर आयुक्त ने जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अब तक किए गए कार्यों, प्राप्त उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी।

अपर आयुक्त ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और पात्र मतदाताओं को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक

समीक्षा बैठक के बाद अपर आयुक्त ने जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और सहभागी बनाने में राजनीतिक दलों की भूमिका महत्वपूर्ण है। बैठक में राजनीतिक प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए और अभियान के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

चार मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण

इसके बाद अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर ने विधानसभा क्षेत्र 11-नरेंद्रनगर के अंतर्गत चार मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित बीएलओ से मतदाता सत्यापन, प्रपत्रों के वितरण एवं प्राप्ति तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत किए जा रहे अन्य कार्यों की जानकारी ली गई।

अपर आयुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए और आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, तहसीलदार नरेंद्रनगर विनोद तिवारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button