जनरथ बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरी, बड़ा हादसा टला

जन एक्सप्रेस/अमेठी: अमेठी जनपद के कमरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत गोडियन का पुरवा गांव के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोमवार को एक जनरथ बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई, जिससे बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस में कुल 16 यात्री सवार थे, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का नियंत्रण खो गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर गड्ढे और अचानक सामने आई बाधा के कारण बस अनियंत्रित हो गई और गड्ढे में जा गिरी।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही कमरौली पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, बस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और क्षतिग्रस्त बस को हटाने की प्रक्रिया चल रही है। हादसे की पूरी जांच की जा रही है और चालक से पूछताछ की जाएगी।
यात्रियों में दहशत, बाल-बाल बचे लोग। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।






