देश

मुुख्यमंत्री ने विभाजन संग्रहालय का अवलोकन किया

शिमला । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को अमृतसर में भारत पाकिस्तान बंटवारे की दुःखद स्मृतियों के प्रतीक विभाजन संग्रहालय (पार्टीशन म्यूजियम) का अवलोकन किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 में भारत के विभाजन से प्रभावित लोगों के दुःख और तकलीफ को शब्दों के माध्यम से व्यक्त करना अत्यन्त कठिन है। उन्होंने कहा कि ऐसी विनाशकारी स्मृतियों से उबरने के लिए राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को और मजबूत किया जाना आवश्यक है।

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संग्रहालय की स्थापना के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास युवा पीढ़ियों को सदैव आपस में मिलजुल कर रहने और अपनों के महत्व को समझने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने युवा पीढ़ी को इतिहास की समुचित जानकारी प्रदान करने पर भी बल दिया। उन्होंने संग्रहालय में प्रदर्शित दस्तावेजों और वस्तुओं में गहरी रुचि दिखाई और सारगर्भित जानकारी प्राप्त की।

अमृतसर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में वर्ष 2017 में स्थापित यह विभाजन संग्रहालय विश्व का ऐसा प्रथम संग्रहालय है जहां विभाजन की विभीषिका को दर्शाते दस्तावेज सहेज कर रखे गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button