उत्तराखंडपिथौरागढ़

पिथौरागढ़ में CMO की ताबड़तोड़ छापेमारी से अस्पतालों में हड़कंप

जन एक्सप्रेस / पिथौरागढ़: जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल ने लगातार दो दिनों तक विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर लापरवाही, अनुशासनहीनता और व्यवस्थागत खामियां सामने आने पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कनालीछीना में अनुपस्थित कर्मचारियों को फटकार

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कनालीछीना के निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका की जांच की। इस दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों को मौके पर फटकार लगाई गई और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डीडीहाट में लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट में लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया। वहीं जनपद मुख्यालय से भेजी गई स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी प्रचार सामग्री का वितरण नहीं होने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सामग्री का तत्काल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अस्पताल में टूटी खिड़कियां और पानी रिसाव

गोचर अस्पताल के निरीक्षण में टूटी हुई खिड़कियां और भवन में पानी रिसाव की समस्या सामने आई। सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और तीमारदारों को किसी तरह की परेशानी न हो।

बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर सख्त चेतावनी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग में प्रोग्राम मैनेजर बिना अवकाश आवेदन के अनुपस्थित मिले। इस पर डॉ. चुफाल ने उनका स्पष्टीकरण तलब किया।

उन्होंने जनपद के सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी कर्मचारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेगा।

प्रचार सामग्री में लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में रखी प्रचार सामग्री की रिसीविंग एएनएम द्वारा प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सीएमओ ने कड़ी फटकार लगाई। संबंधित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के मौखिक निर्देश दिए गए।

वहीं जिला मुख्यालय से करीब एक माह पहले भेजे गए हायर कंपनी के रेफ्रिजरेटर को अब तक अनबॉक्स नहीं किए जाने पर फार्मेसी अधिकारी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया।

गंगोलीहाट में पेयजल समस्या का लिया संज्ञान

निरीक्षण के दूसरे दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट में कर्मचारियों ने पेयजल की समस्या से सीएमओ को अवगत कराया। डॉ. चुफाल ने विभागीय अभियंता को तत्काल मौके पर भेजकर जांच कराने और समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यहां भी स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी प्रचार सामग्री का वितरण नहीं किए जाने पर संबंधित एएनएम को फटकार लगाई गई।

औचक निरीक्षण आगे भी रहेगा जारी

सीएमओ डॉ. जे.एस. चुफाल ने कहा कि अस्पतालों में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे और जहां भी लापरवाही सामने आएगी, वहां संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

– पंकज पांडे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button