देश

जनजातीय समाज के लिए की गई सभी 14 घोषणाओं को किया पूराः शिवराज चौहान

मंडला । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनजातीय समाज के लिए मैंने 14 घोषणाएं की थीं और इन सभी घोषणाओं को पूरा करने का काम मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने किया है। कांग्रेस ने कभी जनजातीय योद्धाओं को सम्मान नहीं दिया। उसने हमेशा जनजातीय समाज का शोषण किया है। यह भाजपा की सरकार है, जिसने जनजातीय समाज के उत्थान के लिए काम किया है। कांग्रेस को एक परिवार को अलावा दूसरे महानायकों के नाम ही याद नहीं हैं। हम सरकार नहीं परिवार चलाते हैं। पेसा एक्ट भी भाजपा सरकार ने लागू किया है।

मुख्यमंत्री चौहान मंगलवार को मंडला में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज मंडला की पवित्र धरती पर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह पधारे हैं, उनका मैं मध्यप्रदेश की धरती पर ह्दय से स्वागत करता हूं। आज मंडला और मध्यप्रदेश के लिए शुभ दिन है, क्योंकि आज लंबे समय बाद बारिश शुरू हुई है। कल ही मैंने बाबा महाकाल से बारिश के लिए प्रार्थना की थी। आज किसानों की इच्छा पूरी हुई है लेकिन मैं आपसे कहना चाहता हूं कि कोई भी संकट आए तो घबराना नहीं, सरकार आपकी हर समस्या का समाधान करेगी। हम सरकार नहीं चलाते बल्कि जनता की सेवा करते हैं। आज आपका आशीर्वाद मांगने के लिए आए हैं और हम इसके हकदार भी हैं, क्योंकि भाजपा की सरकार ने गरीब कल्याण के काम किए हैं।

डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में बही विकास की गंगाः विष्णुदत्त शर्मा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री चौहान की डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गंगा बही है। गरीब कल्याण की योजनाओं के सहारे लोगों के जीवन स्तर में बदलाव आया है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री चौहान की सरकारें लगातार विकास के कार्य कर रही है। इन्हीं विकास कार्यों के सहारे हम जनता का आशीर्वाद लेने के लिए प्रदेश में निकले हैं। केन्द्रीय गृहमंत्री ने आज मंडला से जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ किया है। इन यात्राओं के सहारे आप सभी 2023 में विधानसभा और 2024 में लोकसभा चुनाव के विजय का संकल्प लेकर जनता के बीच जाएं। आपके बूथ विजय संकल्प के साथ फिर प्रचंड बहुमत से पार्टी की सरकार बनेगी। सभा को केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button