चिन्यालीसौड़ में कांग्रेस का परिवर्तन संकल्प सम्मेलन, प्रीतम सिंह ने सत्ता परिवर्तन का किया आह्वान

जन एक्सप्रेस/ चिन्यालीसौड़: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के चिन्यालीसौड़ में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह चौहान ने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा में उमड़ी भीड़ यह दर्शाती है कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से असंतुष्ट है और बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत आंबेडकर पार्क स्थित संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। कांग्रेस नेताओं ने संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने का संकल्प भी दोहराया।
परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, मसूरी के पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के अध्यक्ष प्रदीप रावत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चिन्यालीसौड़ जसवीर चौहान, पूर्व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष शूरवीर सिंह रांगड़ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।






