देश

भ्रष्टाचार के नाम पर झारखंड को बदनाम करने की साजिश : अनीता यादव

रांची । राजद प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार के नाम पर झारखंड को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन भाजपा नेताओं को झारखंड में रहने में शर्म आ रही है, वह जल्द से जल्द झारखंड छोड़ दें। वे गुरुवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहीं थीं।

अनीता ने कहा कि भाजपा ने कर्नाटक चुनाव के पहले साजिश की लेकिन कर्नाटक में बुरी तरह पराजित होने के बाद भी भाजपा नेताओं को शर्म नहीं आ रही। जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं है वहां ईडी और सीबीआई के लगातार छापे डाले जा रहे हैं लेकिन सारे घोटाले भाजपा शासित राज्य में हो रहे हैं। गुजरात में मोरबी का ब्रिज गिरने से सैकड़ों लोगों की जान गई। यूपी और गुजरात में कई निर्माणाधीन ब्रिज गिर गए। इस भ्रष्टाचार पर प्रधानमंत्री और भाजपा की नजर नहीं जाती? अदानी पोर्ट पर करोड़ों का ड्रग्स पकड़ा गया लेकिन प्रधानमंत्री सहित भाजपा नेताओं को शर्म नहीं आई?

उन्होंने कहा कि देश का नाम रोशन करने वाली बेटियां 100 दिन तक जंतर मंतर पर धरना देती रहीं। अपनी इज्जत की दुहाई देती रहीं। इंसाफ मांगती रहीं लेकिन एफआईआर तक नहीं किया गया जब तक कि कोर्ट ने हस्तक्षेप नहीं किया। इस पर भाजपा वालों को शर्म नहीं आई? उन्होंने कहा कि वंशवाद की बात करने वाले पहले अपने यहां बृजभूषण सिंह के परिवार और सिंधिया परिवार जैसे सैकड़ों भाजपा नेताओं के वंशवाद को खत्म करें तब विपक्षी दलों पर यह आरोप लगाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button