पानी की निकासी के मुद्दे पर बैठक में आमने-सामने हुए कांग्रेस

जयपुर । सीकर कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित बजट समीक्षा बैठक में पानी की निकासी के मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंद सिंह डोटासरा और सीकर विधायक राजेंद्र पारीक में नोकझोंक हो गई। दोनों नेता आमने-सामने आ गए। डोटासरा ने पारीक पर अधिकारियों का साइड लेने का आरोप लगाया। करीब दस मिनट तक दोनों नेताओं में बहस होती रही और कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित कलेक्टर से लेकर प्रभारी मंत्री शकुंतला रावत देखते रहे। दोनों नेता एक-दूसरे को सीमा में रहने की हिदायत देते रहे। बात आगे बढ़ती देख शकुंतला रावत ने पारीक को टोका।
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे प्रभारी मंत्री शकुंतला रावत बजट घोषणाओं को लेकर बैठक ले रही थीं। नवलगढ़ रोड जल निकासी और नवलगढ़ रोड पुलिया फोरलेन प्रोजेक्ट को लेकर लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने अधिकारियों से जवाब मांगा। इस बीच राजेन्द्र पारीक बोल पड़े। इस पर डोटासरा ने पूर्व मंत्री पारीक को अधिकारियों का पक्ष नहीं लेने की बात कही। ऐसे में दोनों के बीच टकराव बढ़ गया। माहौल इतना गरमा गया कि राजेंद्र पारीक ने डोटासरा को तो यहां तक कह दिया कि आप अपने लक्ष्मणगढ़ विधानसभा का ध्यान रखो। डोटासरा ने कहा कि मेरा आवास सीकर में नवलगढ़ रोड पर है। ऐसे में मुझे परेशानी होती है। पारीक ने कहा कि मैं और सभापति रात को 12-12 बजे तक शहर में चल रहे विकास कार्यों की खुद मॉनिटरिंग करते हैं। इस पर डोटासरा ने पारीक को कहा कि आप अपनी सीमा में रहिए।
बीच-बचाव करने आई प्रभारी मंत्री शकुंतला रावत ने जब दोनों का विवाद सुलझाने की कोशिश की तो पारीक ने कहा कि ऐसे लोगों के साथ बैठक मत रखिए। करीब 10 मिनट तक डोटासरा और पारीक के बीच नोकझोंक चलती रही। बीच-बचाव के बाद दोनों को शांत किया गया। इसके बाद बैठक वापस शुरू हुई। डोटासरा ने नवलगढ़ पुलिया फोरलेन पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कहा कि आपने पीपीटी में कोई और बात बताई है, जबकि बैठक में दूसरी बात कह रहे हो। ऐसे में किस बात को आधार मानें। फरवरी में बजट आ चुका है लेकिन अभी तक आप लोग यह डिसाइड नहीं कर सके हो कि काम किस तरीके से करना है। चुनाव में अब चार महीने का समय बचा है। हम लोग जनता को क्या जवाब देंगे? डोटासरा ने बैठक में यह कह दिया कि मुझे 101 प्रतिशत विश्वास है कि पीडब्ल्यूडी यह काम नहीं कर पाएगी।






